वॉशिंगटन: अमेरिका ने पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में सक्रिय बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) को वैश्विक आतंकवादी संगठन घोषित किया है। पाकिस्तानी मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट में अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के आधिकारिक उर्दू ट्विटर अकाउंट के हवाले से यह जानकारी दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस अकांउट पर अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता ने एक वीडियो संदेश जारी कर BLA को आतंकवादी संगठन घोषित करने की जानकारी दी। प्रवक्ता ने कहा कि आतंकवादी गतिविधियों की रोकथाम सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
पाकिस्तान में पहले ही प्रतिबंधित है बीएलए
उन्होंने कहा कि BLA ने कराची में चीनी वाणिज्य दूतावास ग्वादर स्थित होटल पर्ल कांटिनेंटल पर हमलों सहित पाकिस्तान के विभिन्न इलाकों में और पाकिस्तानी सुरक्षा कर्मियों पर आतंकवादी हमलों की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने कहा कि अमेरिका पाकिस्तान समेत पूरे दक्षिण एशिया में स्थायित्व चाहता है। प्रवक्ता ने कहा कि यह फैसला BLA द्वारा आगे पाकिस्तान में आतंकी हमले रोकने के लिए तो किया ही जा रहा है, साथ ही यह कदम वैश्विक स्तर पर आंतकवाद को रोकने के अमेरिकी प्रयासों में भी मददगार होगा। BLA पाकिस्तान में पहले से ही प्रतिबंधित है।
अमेरिका के फैसले से खुश होगी पाकिस्तान सरकार
गौरतलब है कि बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सत्ता प्रतिष्ठान की नीतियों के खिलाफ नाराजगी पाई जाती रही है और इन नीतियों के खिलाफ वहां विरोध प्रदर्शन होते रहते हैं। बलूच नागरिकों के मानवाधिकारों के हनन का मुद्दा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उठता रहा है। इस सबके बीच, ऐसे संगठन सामने आए हैं जो बलूचिस्तान को पाकिस्तान से आजाद करने की बात उठाते रहे हैं। यही वजह है कि BLA को आतंकवादी संगठन घोषित करने के अमेरिका के फैसले से पाकिस्तान की इमरान सरकार को बड़ी राहत मिली होगी और वह काफी खुश होगी। (IANS)
Thanks for reading.
Please Share, Comment, Like the post And Follow, Subscribe IVX Times.
fromSource
No comments:
Post a Comment